Saturday, November 5, 2011

मगही ‌‌दिवस के रूप में मनी क‌वियोगेश की जयंती








बिहार के बड़े जनकवि योगेश्वर प्रसाद सिंह योगेश को उनकी जयंती पर मगही दिवस के रूप में मनाकर याद किया गया। मगही के लिए कई तरीके से ये दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। पहली बार मगही के साथ राजनीतिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक ताकतें एक साथ एक मंच पर दिखीं। कार्यक्रम मगही के पहले महाकाव्य गौतम के रचयिता महाकवि योगेश के गांव पटना जिले के नीरपुर में हुआ। इसमें कवि योगेश की स्मृति में रंगीन कैलेंडर जारी हुआ, एक पुस्तकालय का ‌शिलान्यास हुआ और एक मगही पत्रिका बंगमागधी का लोकार्पण किया। साथ ही मगही अकादमी के अध्यक्ष उदयशंकर शर्मा के नेतृत्व में जय मगही स्वा‌भिमान यात्रा का आगाज किया गया। मंच पर बिहार के सहकारिता मंत्री रामाधार सिंह, गोरखपुर के सांसद योगी आदित्यनाथ, बाढ़ के विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू, पूर्व सांसद एवं मंत्री विजयकृष्ण, स्वामी हरिनारयणानंद उपस्थित थे। भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी मंच पर सांस्कृतिक खेमें का नेतृत्व कर रहे थे तो मगही अकादमी के अध्यक्ष उदयशंकर ने मगही साहित्यकारों का। वहां जुटी भारी भीड़ ने हाथ उठाकर, वक्ताओं से सीधा संवाद कर लोकभाषाओं के प्रति अपने जुड़ाव को खुलकर जाहिर किया।

सहकारिता मंत्री रामाधार सिंह ने मगही में ही संबोधित करते हुए कहा कि मगही मगध की धरोहर है और इसे आठवीं अनुसूची में पहुंचाना ही योगेश जी जैसे रचनाकार की श्रद्धांजलि होगी। गोरखपुर के सांसद योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मगही हिंदी का प्राण है। महाकव‌ि योगेश ने इसे नई उंचाई प्रदान की। उदयशंकर शर्मा ने योगेश जी को अपना दत्तक पिता बताते हुए जनसमूह से मगही में ही न्योता और पत्र व्यवहार करने का शपथ दिलाया। भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी ने लोगों से वादा किया कि वह मगही में एक एलबम जरूर निकालेंगे। मनोज ने महाकाव्य गौतम के काव्य अंश का पाठ कर लोगों की वाहवाही लूटी। कार्यक्रम संचालन साधुशरण सिंह सुमन ने ‌किया। शुरूआत में मगही साहित्यकारों डा रामाश्रय झा, धनंजय श्रोत्रिय, ओंकार निराला, राजकुमार प्रेमी, भाई परमेश्वरी, ब्रजनंदन जी आदि ने अपने विचार रखे और कविताओं का पाठ किया। फिर भोजपुरी क्लासिकल सिंगर राकेश उपाध्याय ने अपने भजनों से लोगों की तालियां बटोरी। महाकवि योगेश फाउंडेशन के सचिव अनिल कुमार ने अत‌िथियों को स्मृत‌िचिन्ह भेंट कर कार्यक्रम का समापन किया।